महिला पुलिसकर्मी ने लगाई फांसी, मामला संदिग्ध- सालेकसा पुलिस थाने में थीं कार्यरत

बुलंद गोंदिया। सालेकसा पुलिस थाने में कार्यरत महिला पुलिसकर्मी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की घटना गुरुवार 9 दिसंबर को सुबह 11.30 बजे के दौरान सामने आई। जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट तो नहीं हुआ है। लेकिन मामला संदिग्ध बताया जा रहा है। मृतक महिला पुलिसकर्मी का नाम ज्योति यशवंत बघेले (28) बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्योति बघेले यह सालेकसा पुलिस थाने में महिला पुलिस सिपाही के पद पर कार्यरत थी। उसका विवाह वर्ष 2017 में पांढरी पाउलदौना निवासी रमेश गिरिया से हुआ था। पति रमेश गिरिश भी सालेकसा पुलिस थाने के सी-60 पथक में कार्यरत है। दोनों पति-पत्नी ढाई वर्ष बेटे व अपने पिता के साथ सालेकसा में किराए के मकान में रहते थे। प्रतिदिन की तरह दोनों पति पत्नी अपने-अपने कार्यस्थल पर तैनात होने गए थे। जब ज्योति सालेकसा पुलिस थाने में कार्य कर रही थी कि इसी दौरान वह अपने कमरे में चली गई। बाद में पता चला कि उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। जानकारी मिलते ही सालेकसा पुलिस मौके पर पहुंची और ज्योति को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर ग्रामीण अस्पताल सालेकसा में उपचार के लिए पहुंचाया। उसकी स्थिति गंभीर होने से आगे के उपचार के लिए गोंदिया शहर के एक निजी चिकित्सालय में रेफर किया गया। किंतु वहा कार्यरत डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोंदिया मेडिकल कालेज में ज्योति का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम शुरु था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो सकेगा। किंतु आत्महत्या किस वजह से की है, इसकी जानकारी फिलहाल तो नहीं मिली है, लेकिन आत्महत्या के मामले को संदिग्ध रूप से देखा जा रहा है। सालेकसा पुलिस ने विभिन्न दिशाओं से जांच शुरु कर दी है।

Share Post: