देवेंद्र जी,अन्नदाताओं को न्याय दिलाएं रबी धान की खरीदी पुनः शुरू करवाएं- विदर्भ के 6 विधायकों ने उपमुख्यमंत्री को दिया पत्र खरीफ सीजन के धान का बोनस भी मिलें किसानों को- विधायक विनोद अग्रवाल

बुलंद गोंदिया। गोंदिया-भंडारा जिले सहित विदर्भ के धान उत्पादक जिलों में बंपर धान का उत्पादन होने एवं समर्थन मूल्य पर खरीदी कोटे में त्रुटियों के चलते अन्नदाताओं पर संकट के बादल मंडरा रहे है। ग्रीष्मकाल के रबी सीजन में लगाए गए धान की सिर्फ 30 प्रतिशत ही खरीदी हुई, जबकि 70 प्रतिशत धान किसानों के घरों में रखा बर्बाद हो रहा है।

किसानों के इस गंभीर विषय को लेकर हाल ही में सत्तारूढ़ हुई शिंदे-फडणवीस की नई सरकार के समक्ष विदर्भ के 6 विधायकों के प्रतिनिधि मंडल ने 1 जुलाई को उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से मुंबई निवास पर मुलाकात की एवं ये मुद्दा सरकार के समक्ष रख विदर्भ के किसानों को न्याय दिलाने की मांग की।

प्रतिनिधि मंडल में विधानपरिषद के सदस्य विधायक डॉ. परिणय फुके, गोंदिया के विधायक विनोद अग्रवाल, तिरोडा के विधायक विजय रहांगडाले, गडचिरोली के विधायक डॉ. देवराव होली, आरमोरी के विधायक कृष्णा गजबे एवं कामठी के विधायक टेकचंद सावरकर मौजूद रहे।

विदर्भ के इन 6 विधायकों ने उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र देकर कहा कि, रबी फसल का धान किसानों के घर पर सड़ रहा है। पिछली सरकार के कार्यकाल में कृषि विभाग की गलत नीतियों के कारण सिर्फ 30 प्रतिशत धान खरीदी केंद्र सरकार के समर्थन मूल्य पर शासकीय केंद्रों में हुई, जबकि 70 प्रतिशत किसानों का धान अभी भी घरों में रखा हुआ है। अनेक किसानों ने औने-पौने दाम पर व्यापारियों को धान बेचकर नुकसान उठाया है।

उन्होंने रबी सीजन 2022 के धान खरीदी की प्रकिया पुनः शुरू करवाने की मांग की। साथ ही पिछले खरीफ सीजन 2021-22 में किसानों को धान पर नहीं दिए गए बोनस को भी देने की मांग की।

किसानों के इस ज्वलंत मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीसजी ने सभी विधायकों को आश्वस्त किया और निश्चित ही प्रलंबित धान खरीदी जल्द ही शुरू करने का भरोसा जताया। उप मुख्यमंत्री ने बोनस के विषय पर भी सकारात्मक प्रयास किये जाने आश्वस्त किया।

Share Post: